संसद का शीतकालीन सत्र सत्र स्थगित होने के बाद आज स्पीकर ओम बिरला ने सत्तापक्ष और विपक्षी सांसदों की बैठक बुलाई। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हुए। साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत अन्य दलों के नेता भी शामिल रहे।

संसद का शीतकालीन सत्र का आज समापन हो गया। अंतिम कार्यदिवस पर लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के कारण कोई विधायी काम नहीं हुआ और स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का एलान कर दिया। थोड़ी देर बाद सभापति सीपी राधाकृष्णन ने राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने कक्ष में सांसदों को चाय पर आमंत्रित किया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, सपा सांसद धर्मेंद्र यादव समेत विभिन्न दलों के नेता मौजूद रहे
प्रियंका गांधी को रक्षा मंत्री के बगल वाली सीट दी गई
गौरतलब है कि संसद सत्र के समापन पर लोकसभा अध्यक्ष सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के साथ बैठक करते हैं। मानसून सत्र के समापन पर भी ऐसी बैठक हुई थी, लेकिन विपक्ष ने उस बैठक का बहिष्कार किया था। इस बार की बैठक में प्रियंका गांधी शामिल हुईं। खास बात ये रही कि वायनाड से पहली बार की सांसद प्रियंका गांधी को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बगल वाली सीट दी गई। वहीं रक्षा मंत्री के पास वाली सीट पर प्रधानमंत्री मोदी बैठे दिखाई दिए।
ये भी पढ़ें- Rahul on MGNREGA: राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, कहा- 20 साल का मनरेगा एक दिन में ध्वस्त
गडकरी ने प्रियंका को कराया था भोजन
गुरुवार को लोकसभा में जब प्रियंका गांधी ने सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से समय नहीं मिलने की शिकायत की थी तो उन्होंने कहा था कि उनका दरवाजा तो हमेशा खुला रहता है। गडकरी ने कहा कि आप प्रश्नकाल के बाद उनके ऑफिस में आकर मिल सकती हैं। इसके बाद प्रियंका गांधी ने सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में जाकर मुलाकात की थी, जहां गडकरी ने उन्हें स्वादिष्ट डिश भी खिलाई। सत्र समापन के बाद भी जो तस्वीरें सामने आईं, उनमें भी सत्ता और विपक्षी सांसद मुस्कुराते हुए नजर आए, जो कहीं न कहीं देश के लोकतंत्र की खूबसूरती को दिखाती हैं।