Maharashtra: रिहायशी इमारत में घुसा तेंदुआ, एक ही परिवार के तीन लोगों पर किया हमला, मची अफरा-तफरी

Maharashtra News: महाराष्ट्र में तेंदुओं की बढ़ती हलचल से दहशत है. मीरा-भयंदर में तेंदुआ रिहायशी इमारत में घुसा, तीन लोग घायल हुए. पुलिस, दमकल और वन विभाग मौके पर हैं.

Maharashtra News: महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों से तेंदुए के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. पुणे, नागपुर और नासिक जैसे बड़े शहरों में घनी आबादी वाले इलाकों में तेंदुए देखे जाने के बाद अब मुंबई से सटे मीरा-भयंदर से भी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां एक रिहायशी इमारत में तेंदुआ घुस गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.

तेंदुए को देखकर मची अफरा-तफरी

मिली जानकारी के अनुसार, मीरा-भयंदर के तलाव रोड इलाके में स्थित पारिजात नाम की एक इमारत में आज सुबह करीब 8 बजे तेंदुआ देखा गया. यह इलाका बीपी रोड के पीछे साईबाबा अस्पताल के पास स्थित है. अचानक इमारत परिसर में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

बताया जा रहा है कि तेंदुआ सीधे एक फ्लैट में घुस गया. उस समय घर में चार लोग मौजूद थे, जिनमें 25 साल की एक युवती और कुछ पुरुष शामिल थे. तेंदुए ने घर में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया. उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी.

तीन लोग घायल, अस्पताल में भर्ती

स हमले में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. 25 वर्षीय युवती को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज साईबाबा अस्पताल में चल रहा है. अन्य घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए. तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया गया है, ताकि वह बाहर न निकल सके. वन विभाग के अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के प्रयास जारी हैं.

भीड़ और दहशत का माहौल

घनी आबादी वाले इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में नागरिक और तमाशबीन मौके पर जमा हो गए. पुलिस ने लोगों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है. फिलहाल पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है.

इससे पहले पुणे के केशवनगर इलाके में भी तेंदुए की मौजूदगी से लोग दहशत में हैं. ‘कोणार्क रीवा’ और ‘एल्कोन सिल्वर लीफ’ सोसायटी के पार्किंग क्षेत्र में तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था. वन विभाग की टीम ने इलाके में जांच की, हालांकि तेंदुआ नजर नहीं आया. पानी की टंकी के पास उसके पैरों के निशान जरूर मिले हैं. वन विभाग ने मुंबई, मीरा-भयंदर और पुणे के नागरिकों से अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
Hello 👋
Can we help you?