‘5 साल में 500 बिलियन डॉलर की खरीद’, पीयूष गोयल ने गिनाए भारत-अमेरिका ट्रेड डील के फायदे

केंद्रीय मंत्री ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में कहा कि अमेरिका, हमारे पड़ोसी देशों चीन पर 35%, बांग्‍लादेश पर 20% टैरिफ लगाता है, जबकि भारत पर केवल 18% टैरिफ लगाएगा. बहुत से ऐसे आइटम्‍स भी हैं, जिन पर अमेरिका कोई टैरिफ नहीं लगाएगा.

भारत और अमेरिका के बीच शनिवार, 7 फरवरी को हुए अंतरिम व्यापार समझौते (इंटरिम ट्रेड डील फ्रेमवर्क) के बाद केंद्रीय वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इसे दोनों देशों के हित में बड़ी डील बताया. केंद्रीय मंत्री ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में कहा कि अमेरिका, हमारे पड़ोसी देशों चीन पर 35%, बांग्‍लादेश पर 20% टैरिफ लगाता है, जबकि भारत पर केवल 18% टैरिफ लगाएगा. बहुत से ऐसे आइटम्‍स भी हैं, जिन पर अमेरिका कोई टैरिफ नहीं लगाएगा. इस समझौते के तहत अमेरिका कुछ भारतीय एक्सपोर्ट-जैसे जेनेरिक दवाएं, रत्न‑जवाहरात, हीरे और विमान के पार्ट्स-पर यह टैरिफ हटा देगा. 

भारत और अमेरिका का संयुक्‍त बयान 

व्यापार समझौते पर भारत और अमेरिका ने संयुक्त बयान जारी किया है. संयुक्त बयान में कहा गया है, ‘अमेरिका और भारत को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि वे आपसी और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार (अंतरिम समझौता) के संबंध में एक फ्रेमवर्क पर सहमत हो गए हैं. फ्रेमवर्क 13 फरवरी 2025 को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू की गई वार्ताओं के प्रति देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है, जिसमें अतिरिक्त बाजार पहुंच प्रतिबद्धताएं शामिल होंगी और अधिक लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं का समर्थन किया जाएगा.’

समझौते में क्‍या-क्‍या फाइनल हुआ?

समझौते के अनुसार, भारत अमेरिका के सभी इंडस्ट्रियल सामानों और अमेरिका के कई तरह के खाने-पीने और खेती के प्रोडक्ट्स पर टैरिफ खत्म करेगा या कम करेगा, जिसमें सूखे डिस्टिलर्स ग्रेन (डीडीजीएस), जानवरों के चारे के लिए लाल ज्वार, ट्री नट्स, ताजे और प्रोसेस्ड फल, सोयाबीन तेल, वाइन और स्पिरिट्स, और दूसरे प्रोडक्ट्स शामिल हैं. 

वहीं, अमेरिका सहमति के अनुसार भारत के मूल सामानों पर 18 प्रतिशत की पारस्परिक टैरिफ दर लागू करेगा, जिसमें कपड़ा और परिधान, चमड़ा और जूते, प्लास्टिक और रबर, ऑर्गेनिक रसायन, घर की सजावट का सामान, हस्तशिल्प उत्पाद, और कुछ मशीनरी शामिल हैं.

जेनरिक दवाओं, विमान के पुर्जों पर जीरो टैरिफ!

फ्रेमवर्क के अनुसार, अंतरिम समझौते की सफलता भारतीय सामानों की एक विस्तृत श्रृंखला पर टैरिफ हटाने का रास्ता भी सुनिश्चित करेगी. इस सूची में जेनेरिक दवाएं, रत्न और हीरे, और विमान के पुर्जे शामिल हैं. ये ऐसे क्षेत्र हैं जहां भारत की वैश्विक हिस्सेदारी मजबूत है और अमेरिकी मांग अधिक है. बयान में कहा गया है कि वाशिंगटन कुछ भारतीय विमानों और विमान के पुर्जों पर भी टैरिफ हटाएगा. ये शुल्क पहले एल्यूमीनियम, स्टील और तांबे के आयात से संबंधित राष्ट्रीय सुरक्षा घोषणाओं के तहत लगाए गए थे.

खबर अपडेट हो रही है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
Hello 👋
Can we help you?