Bangladesh Oath Ceremony 2026 Live: बीएनपी संसदीय दल के नेता चुने गए तारिक रहमान; शाम 4 बजे होगा शपथ समारोह
arique Rahman Oath Ceremony Live Updates: बांग्लादेश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद आज तारीक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें बांग्लादेश में तारिक रहमान के शपथ समारोह से जुड़े सभी अहम अपडेट्स…

ढाका में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का स्वागत
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में मंगलवार को भारत के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का औपचारिक स्वागत किया गया। बांग्लादेश के भारत में उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने गर्मजोशी के साथ उनकी अगवानी की। लोकसभा अध्यक्ष के साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री भी पहुंचे।

BNP संसदीय दल के नेता चुने गए तारिक रहमान
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान को 13वीं जातीय संसद में पार्टी के संसदीय दल का नेता सर्वसम्मति से चुना गया है। यह निर्णय आज दोपहर 12 बजे जातीय संसद भवन में आयोजित नव-निर्वाचित BNP सांसदों की बैठक में लिया गया।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में BNP के महासचिव मिर्ज़ा फ़खरुल इस्लाम आलमगीर ने इस क्षण को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक चले दमन, लोकतांत्रिक संस्थाओं के कमजोर होने और संसद की प्रभावहीनता के दौर के बाद पार्टी ने निष्पक्ष चुनाव के जरिए संसद में वापसी की है। उन्होंने कहा इस संसद में बहुमत के साथ हमने अपने युवा नेता तारिक रहमान को संसदीय दल का नेता चुना है।
बांग्लादेश में BNP-जमात के बीच शपथ ग्रहण पर विवाद
बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद भी जमात-ए-इस्लामी और बीएनपी के बीच शपथ ग्रहण को लेकर टकराव देखने को मिला। मंगलवार को बांग्लादेश की दक्षिणपंथी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के नए निर्वाचित सांसदों ने संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में दूसरी शपथ लेने से इनकार कर दिया।
जमात के उप प्रमुख अब्दुल्ला मुहम्मद ताहिर ने कहा जब तक बीएनपी सांसद संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में शपथ नहीं लेते, हम शपथ नहीं लेंगे। संसद बिना संविधान सुधार के अर्थहीन है। दूसरी शपथ ‘जुलाई चार्टर’ के तहत संविधान में व्यापक सुधार लागू करने के लिए सांसदों को बाध्य करने का उद्देश्य रखती है। इस चार्टर के 84 बिंदुओं को जनमत संग्रह के माध्यम से मतदान के लिए रखा गया था, जिसमें 60% से अधिक मतदाताओं ने ‘हां’ का समर्थन किया।
कई देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और भारतीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को ढाका पहुंच रहे हैं, जहां वे बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उनके साथ भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी शामिल होंगे। विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन मालदीव के राष्ट्रपति और भूटान के प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे, जबकि विदेश सचिव ढाका में भारतीय लोकसभा अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
अतिथियों में मालदीव के राष्ट्रपति नियमित विमान से पहुंचे हैं। भूटान के प्रधानमंत्री और भारत की लोकसभा के अध्यक्ष विशेष विमान से ढाका आ रहे हैं।
इस बीच, बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए ब्रिटेन, तुर्की, पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका के प्रतिनिधि सोमवार दोपहर से आज सुबह तक ढाका पहुंचे। ब्रिटेन की इंडो-पैसिफिक मामलों की अवर सचिव सीमा मल्होत्रा, तुर्की की अंतरराष्ट्रीय मामलों की अवर सचिव बेरिस एकिन्सी, पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल, नेपाल के विदेश मंत्री बाला नंदा शर्मा और श्रीलंका के स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिस्सा अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जमात गठबंधन, स्वतंत्र और इस्लामी आंदोलन के नए सांसदों ने भी ली शपथ
13वें संसदीय चुनाव में निर्वाचित जमात-नेतृत्व वाले गठबंधन, स्वतंत्र उम्मीदवार और इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश के सांसदों ने आज दोपहर जातीय संसद भवन में पद और गोपनीयता की शपथ ली।
नए मंत्रिमंडल में 50 सदस्य हो सकते हैं शामिल
बांग्लादेश में नए मंत्रिमंडल में संभवतः 50 सदस्य होंगे। इनमें से 25 पूर्णकालिक मंत्री और 24 राज्य मंत्री होंगे। मंत्रिमंडल विभाग नए मंत्रियों को शपथ ग्रहण समारोह में ले जाने के लिए 49 वाहन भेज रहा है। इसी बीच, मंत्रिमंडल विभाग ने लोगों को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित करने के लिए फोन करना शुरू कर दिया है।
तारिक रहमान ने बोगरा-6 सीट छोड़ी, ढाका-17 से ही रहेंगे सांसद
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के प्रमुख तारिक रहमान ने 13वें संसदीय चुनाव में जीतने के बाद बोगरा-6 सीट छोड़ने का निर्णय लिया है और ढाका-17 सीट अपने पास रखने का फैसला किया है। ढाका-17 से उन्होंने लगभग 72,699 वोट हासिल किए, जबकि बोगरा-6 सीट पर उन्होंने 2,16,284 वोट प्राप्त कर जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार अब्दुर रहमान सोहेल को बड़े अंतर से हराया था। तारिक रहमान ने बांग्लादेश निर्वाचन आयोग (ईसी) को लिखित रूप में बोगरा-6 सीट छोड़ने की औपचारिक सूचना दी है। ईसी के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने इसकी पुष्टि की है।
नए सांसदों को दिलाई जा रही शपथ
बांग्लादेश की 13वीं नेशनल पार्लियामेंट के नवनिर्वाचित सदस्यों ने मंगलवार को जातीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में शपथ ली। सुबह करीब 10:42 बजे (स्थानीय समयानुसार) मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने सांसदों को शपथ दिलाई। मुख्य समारोह शाम 4 बजे शुरू होगा। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन निर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान और उनके शुरुआती मंत्रिमंडल को पद की शपथ दिलाएंगे।
चुनाव परिणाम: किसे कितनी सीटें?
आधिकारिक नतीजों के अनुसार:-
- बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी): 209 सीटें
- जमात-ए-इस्लामी (मुख्य विपक्ष): 68 सीटें
- नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी): 6 सीटें
- अन्य: 7 सीटें
- निर्दलीय: 7 सीटें
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे
ब्रिटेन की इंडो-पैसिफिक उप सचिव सीमा मल्होत्रा के भी इस समारोह में शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के भी समारोह में भाग लेने की संभावना है। भारत के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
कौन है बांग्लादेश के होने वाले नए प्रधानमंत्री?
बांग्लादेश को 35 साल बाद एक नया प्रधानमंत्री तारिक रहमान के रूप में मिलने जा रहा है। चार साल के लंबे निर्वासन और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद तारिक रहमान ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को मजबूती से एकजुट किया और युवा मतदाताओं को आकर्षित करते हुए जनसमर्थन की नई लहर खड़ी की। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
जातीय संसद के साउथ प्लाजा में होगा समारोह
शपथ ग्रहण समारोह पारंपरिक हॉल के बजाय जातीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में आयोजित किया गया। करीब 1200 विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में यह ऐतिहासिक आयोजन संपन्न होगा। शाम 4 बजे राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान और उनके मंत्रिमंडल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इससे पहले सुबह 10 बजे नए सांसदों को शपथ दिलाई जाएगी।
Bangladesh Oath Ceremony 2026 Live: बीएनपी संसदीय दल के नेता चुने गए तारिक रहमान; शाम 4 बजे होगा शपथ समारोह
Bangladesh Oath Ceremony 2026 Hindi Live Updates: बांग्लादेश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद आज तारीक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें बांग्लादेश में तारिक रहमान के शपथ समारोह से जुड़े सभी अहम अपडेट्स…